Meen Times

Meen Times सच्चा - अच्छा
न्यूज़ चैनल

सवाई माधोपुर।जिले में शाम 6 बजे तक 68.71 प्रतिशत मतदान तीनों नगरीय निकायों में 80,043 मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयो...
09/09/2026

सवाई माधोपुर।
जिले में शाम 6 बजे तक 68.71 प्रतिशत मतदान तीनों नगरीय निकायों में 80,043 मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग, खण्डार में सर्वाधिक 85.09 प्रतिशत मतदान वरिष्ठ नागरिकों, नवमतदाताओं एवं दिव्यांगजनों ने उत्साह से निभाई लोकतंत्र में भागीदारी, घायल मतदाता भी पहुंचा मतदान केन्द्र।
सवाई माधोपुर, 9 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण में जिले के नगर परिषद सवाई माधोपुर, नगर पालिका बौंली एवं नगर पालिका खण्डार में बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुआ। आधिकारिक मतदान आंकड़ों के अनुसार शाम 6 बजे तक तीनों नगरीय निकायों में कुल 80,043 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कुल 1 लाख 16 हजार 487 पंजीकृत मतदाताओं का 68.71 प्रतिशत है।
मतदान के दौरान लोकतंत्र के प्रति मतदाताओं का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला। वरिष्ठ नागरिकों ने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया, वहीं पहली बार मतदान करने वाले नवमतदाताओं में भी खासा उत्साह नजर आया। नवमतदाताओं ने पहली बार वोट डालने के अनुभव पर खुशी जाहिर की और इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी बताया।
नगरीय निकायवार मतदान की स्थिति के अनुसार, नगर परिषद सवाई माधोपुर में 60 हजार 487 मतदाताओं ने मतदान किया, जो कुल 92 हजार 713 मतदाताओं का 65.24 प्रतिशत है। वहीं नगर पालिका बौंली में 9 हजार 594 मतदाताओं ने मतदान किया, जो कुल 12,066 मतदाताओं का 79.51 प्रतिशत है।
इसी प्रकार नगर पालिका खण्डार में 9 हजार 962 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कुल 11 हजार 708 पंजीकृत मतदाताओं का 85.09 प्रतिशत है। इस प्रकार शाम 6 बजे तक खण्डार में सर्वाधिक 85.09 प्रतिशत, बौंली में 79.51 प्रतिशत तथा सवाई माधोपुर नगर परिषद में 65.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इस दौरान दिव्यांग मतदाताओं ने भी मतदान केन्द्र पहुंचकर लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाई। वहीं मतदान के प्रति उत्साह का उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब एक घायल मतदाता को उसके परिजन एम्बुलेंस वाहन से मतदान केन्द्र लेकर पहुंचे और उसने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, नवमतदाताओं, दिव्यांगजनों एवं अन्य मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी ने लोकतांत्रिक पर्व को उत्साहपूर्ण बनाया।

सवाई माधोपुर।नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न जिला निर्वाचन अधिकारी सहित प्रशासनिक अधिकार...
09/09/2026

सवाई माधोपुर।
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न जिला निर्वाचन अधिकारी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर सुनिश्चित की सुरक्षा व्यवस्था।
सवाई माधोपुर, 9 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के तहत बुधवार को नगर परिषद सवाई माधोपुर में मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा इंतजामों का अवलोकन किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आलनपुर, जिला उद्योग केन्द्र सहित नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान कक्ष, मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं निर्वाचन प्रक्रिया का के बारे में मतदान कार्मिकों से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदान प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों से फीडबैक लिया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा सहित समस्त रिटर्निंग अधिकारियों से नियमित फील्ड मंे रहकर मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया।
जिला निर्वाचन ने मतदान कार्मिकों को निर्भय, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराने तथा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता को मतदान में परेशानी नहीं हो तथा वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुगम मतदान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित रहे। मतदान समाप्ति तक सभी अधिकारी एवं कार्मिक सतर्कता, मुस्तैदी एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

सवाई माधोपुर।नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 निर्वाचन पर्यवेक्षक ने क्रिटिकल मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण नगर परिषद सवाई म...
09/09/2026

सवाई माधोपुर।
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 निर्वाचन पर्यवेक्षक ने क्रिटिकल मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण नगर परिषद सवाई माधोपुर, नगर पालिका खण्डार एवं बौंली के विभिन्न मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सवाई माधोपुर, 9 सितंबर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के तहत बुधवार को जिले में मतदान के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त निर्वाचन पर्यवेक्षक एवं अतिरिक्त आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव (प्रथम), पंचायती राज विभाग, ब्रजेश कुमार चांदोलिया ने नगर परिषद सवाई माधोपुर, नगर पालिका खण्डार एवं नगर पालिका बौंली क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया।
पर्यवेक्षक ने विशेष रूप से क्रिटिकल मतदान केन्द्रों का जायजा लेते हुए वहां की मतदान व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा निर्वाचन प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर तैनात मतदान कार्मिकों से मतदान प्रक्रिया के संबंध में जानकारी लेते हुए मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों को सुचारू बनाए रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश दिए।
पर्यवेक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने तथा मतदान के दौरान पूरी सजगता एवं मुस्तैदी के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

सवाई माधोपुर।नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण एवं चुनाव सामग्री देकर किया रवानगी 9 सितंबर को प्रथ...
08/09/2026

सवाई माधोपुर।
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण एवं चुनाव सामग्री देकर किया रवानगी 9 सितंबर को प्रथम चरण में नगर परिषद सवाई माधोपुर एवं नगर पालिका बौंली-खण्डार में होगा मतदान, मतदान दलों ने संभाली जिम्मेदारी।
सवाई माधोपुर, 8 सितम्बर। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रथम चरण के मतदान के लिए मंगलवार को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय साहूनगर से सवाई माधोपुर नगर परिषद, राजकीय महाविद्यालय बौंली से नगर पालिका बौंली, राजकीय महाविद्यालय खण्डार से नगर पालिका खण्डार के मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण एवं चुनाव सामग्री उपलब्ध करवाकर संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। मतदान दलों द्वारा अपने-अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान से संबंधित आवश्यक तैयारियां की गई।
प्रथम चरण में जिले के 1 लाख 16 हजार से अधिक मतदाता 110 वार्डों के लिए 147 मतदान केन्द्रों पर करेंगे मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि जिले में प्रथम चरण का मतदान 9 सितंबर तथा द्वितीय चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा। दोनों चरणों के मतदान के बाद 14 सितंबर को मतगणना की जाएगी।
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए संबंधित नगरीय निकायों में जिले के 110 वार्डों के लिए कुल 147 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जहां कुल 1 लाख 16 हजार 487 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 59 हजार 999 पुरुष, 56 हजार 443 महिला एवं 5 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
प्रथम चरण में नगर परिषद सवाई माधोपुर के 60 वार्डों के लिए 97 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 92 हजार 713 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नगर पालिका बौंली के 25 वार्डों के लिए 25 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 12 हजार 66 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नगर पालिका खण्डार के 25 वार्डों के लिए 25 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 11 हजार 708 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
तीनों नगरीय निकाय में बुधवार को 422 प्रत्याशी चुनाव मैदान में:- जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में मतदान होने वाले नगर परिषद सवाई माधोपुर, नगर पालिका बौंली एवं नगर पालिका खण्डार के 110 वार्डों में सदस्य पद के लिए कुल 422 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें नगर परिषद सवाई माधोपुर 231, नगर पालिका बौंली 101 और नगर पालिका खण्डार 90 प्रत्याशी चुनाव लडेंगे।
मतदान दलों की रवानगी से पूर्व दिया अंतिम प्रशिक्षण:- नगर परिषद सवाई माधोपुर के मतदान दलों की रवानगी से पूर्व महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय साहूनगर में आयोजित प्रशिक्षण में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारी का कार्य है। सभी मतदान कार्मिक पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्भयता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदान दल अपने निर्धारित रूट के अनुसार समय पर मतदान केन्द्र पर पहुंचकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। मतदान केन्द्र पर पहुंचने के बाद ईवीएम की स्थापना, मॉक पोल सहित निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी निर्धारित कार्य नियमानुसार पूर्ण किए जाएं। किसी भी परिस्थिति में लापरवाही नहीं बरती जाए।
588मतदान कार्मिकों की लगाई गई ड्यूटी:- प्रथम चरण के मतदान के लिए तीनों नगरीय निकायों में कुल 147 मतदान केन्द्रों पर मतदान कराने के लिए 588 मतदान कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। इनमें 147 पीठासीन अधिकारी, 147 प्रथम मतदान अधिकारी तथा 294 द्वितीय एवं तृतीय मतदान अधिकारी शामिल हैं।
प्रत्येक मतदान दल में पीठासीन अधिकारी के साथ प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मतदान दलों को मतदान प्रक्रिया, ईवीएम संचालन, मॉक पोल, मतदान अभिकर्ताओं की भूमिका, मतदाता पहचान एवं अन्य निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया है।
सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा मतदान:- जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण के तहत 9 सितंबर को निर्धारित मतदान केन्द्रों पर प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान प्रारंभ होने से पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मॉक पोल करवाया जाएगा तथा उसके पश्चात मतदान शुरू किया जाएगा। उन्होंने मतदान कार्मिकों को निर्देश दिए कि मतदान की प्रत्येक प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सम्पन्न करवाई जाए तथा मत की गोपनीयता सुनिश्चित की जाए।
मतदान केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था:- जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मतदान केन्द्रों पर पीने का पानी, विद्युत, छाया, रैम्प, व्हीलचेयर, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाओं एवं अन्य जरूरतमंद मतदाताओं के लिए सुगम एवं सहज मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष निगरानी:- स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिले में चिन्हित 21 संवेदनशील एवं 33 अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही 4 जोनल मजिस्ट्रेट एवं 16 पुलिस मोबाइल पार्टियों को तैनात किया गया है। 30 मतदान केन्द्रों पर विडियोग्राफर के माध्यम से निगरानी व्यवस्था की गई है।
कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम:- मतदान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। मतदान दलों के साथ 904 सुरक्षा जाप्ता उपलब्ध करवाया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कार्मिकों से कहा कि वे किसी भी व्यक्ति का आतिथ्य स्वीकार नहीं करें तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान पूर्ण निष्पक्षता एवं तटस्थता बनाए रखें।
मतदान दलों को निर्देशित किया गया कि वे मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री को निर्धारित संग्रहण केन्द्र पर सुरक्षित रूप से जमा करवाया जाए।
मतदाताओं से निर्भय एवं नैतिक मतदान की अपील:- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने प्रथम चरण के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे 9 सितंबर को अपने मतदान केन्द्र पर पहुंचकर निर्भय, निष्पक्ष एवं नैतिक रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मत लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करता है। मतदाता बिना किसी दबाव, प्रलोभन अथवा भय के अपने विवेक से मतदान करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

सवाई माधोपुर।एचपीवी टीकाकरण के लिए चलेगी स्पेशल ड्राइव जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बालिकाओं को लगाए जाएंगे टी...
08/09/2026

सवाई माधोपुर।
एचपीवी टीकाकरण के लिए चलेगी स्पेशल ड्राइव जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बालिकाओं को लगाए जाएंगे टीके।
सवाई माधोपुर, 8 सितम्बर। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रगति बढ़ाने के लिये जिले मे गुरूवार से टीकाकरण के लिए स्पेशल ड्राइव संचालित की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि स्पेशल ड्राइव के लिए विभाग द्वारा कार्य योजना तैयार कर ली गयी है। खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अपने खण्ड के खण्ड मुख्य शिक्षा अधिकारी के साथ समन्वय कर 7-7 दिवस की कार्ययोजना बनाकर टीकाकरण कर प्रगति को बढ़ाने के निर्देश प्रदान किए हैं।
अभियान 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए चलाया जा रहा है जिसमें उन्हें निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी एवं सुरक्षित मानी जाती है। एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण का कार्य जिले में गतिशील है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओ के टीकाकरण को पूरा करने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। जिले मे जिला अस्पताल, समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रो व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर टीका लगाया जायेगा। यह टीका गंभीर बीमारियों एवं सर्विकल कैंसर से बचाव में अहम भूमिका निभाता है। सरकार का लक्ष्य 14 वर्ष की बालिकाओ को 100 प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करना है।
क्या है सर्वाइकल कैंसर:-सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से, जिसे सर्विक्स कहा जाता है, में विकसित होने वाला कैंसर है। इसके लगभग 99.7 प्रतिशत मामलों का प्रमुख कारण हाई रिस्क एचपीवी संक्रमण होता है। एचपीवी प्रजनन मार्ग का एक सामान्य वायरल संक्रमण है। भारत में महिलाओं के बीच यह दूसरा सबसे आम कैंसर है।
अभिभावक अपनी बेटियों के टीकाकरण मे दें सहयोग:- अभिभावकों से अपील है कि वे बच्चों के टीकाकरण के समय जरूरी दस्तावेज साथ रखें, ताकि प्रक्रिया में कोई रुकावट न आए। व बालिकाओं को खाना खिला कर सत्र स्थल पर लाये क्योंकि टीका खाली पेट नही लगाया जा सकता। समय पर टीकाकरण बच्चों के स्वस्थ भविष्य की नींव है। यह न सिर्फ गंभीर बीमारियों से सुरक्षा देता है, बल्कि समाज की भी सुरक्षित और स्वस्थ बनाता है।
सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर लेकिन रोके जाने योग्य बीमारी है। समय पर एचपीवी वैक्सीनेशन से हमारी बेटियाँ इस खतरे से सुरक्षित रह सकती हैं। अभिभावक अपनी बेटियों को इस महत्वपूर्ण वैक्सीन से अवश्य लाभान्वित करवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर एव गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। टीका लगवाने से पूर्व बालिका को खाना अवश्य खिला कर भेजें क्यूंकि खाली पेट यह टीका नही लगाया जा सकता।
टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए सीएमएचओ ने आमजन से अपील की है कि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है, जिसमें - सभी अभिभावक आवश्यक सहयोग दें। अभियान के तहत बच्चियों को नजदीकी जिला अस्पताल, उपजिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर निःशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों का टीकाकरण किया जा रहा है। टीकाकरण के लिए आधार कार्ड, स्कूल आईडी या अंकतालिका में से कोई एक आयु प्रमाण के रूप में लाना आवश्यक है। जिनके पास दस्तावेज नहीं हैं, उनके लिए अभिभावक/संरक्षक की ओर से सहमति पत्र देकर आयु प्रमाणित किया जा सकेगा, जिसे यूविन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
आप भी बुक कर सकते है अपॉइंटमेंट:- अपनी बेटी की एचपीवी वैक्सीन खुराक के लिए U-WIN डिजिटल प्लेटफार्म पर रजिस्टर कर के अपाइंटमेंट बुक किया जा सकता है।https://uwin.mohfw.gov.in/home अथवा अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी स्वास्थ्य कार्यकर्ता/एएनएम अथवा सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

सवाई माधोपुर।अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, नालसा शिक्षा योजना 2026, निःशुल्क विधिक सहायता...
08/09/2026

सवाई माधोपुर।
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, नालसा शिक्षा योजना 2026, निःशुल्क विधिक सहायता आदि विषयों पर दी महत्वपूर्ण जानकारी।
सवाई माधोपुर, 8 सितम्बर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के तत्वावधान में शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह विधि महाविद्यालय, सवाई माधोपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को नालसा शिक्षा योजना 2026, निःशुल्क विधिक सलाह एवं सहायता आदि विषयों पर महत्वपूर्ण कानूनी एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर की सचिव समीक्षा गौतम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि साक्षरता का अर्थ केवल पढ़ना-लिखना ही नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने अधिकारों, कर्तव्यों एवं कानून की जानकारी होना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विधिक साक्षरता समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को न्याय तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से कानूनी जानकारी को अपने तक सीमित न रखते हुए समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सचिव समीक्षा गौतम ने नालसा शिक्षा योजना 2026 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि नालसा शिक्षा योजना 2026 कमजोर वर्गों, वंचित समूहों के बच्चों और दिव्यांग बच्चों के लिए शिक्षा की पहुँच और निरंतरता सुनिश्चित करती है। इसका उद्देश्य कमजोर वर्ग के बच्चों को स्कूल में दाखिला दिलाना, उनकी पढ़ाई जारी रखना, छात्रवृत्ति, हॉस्टल सुविधा, मिड डे मील सुविधाएं उपलब्ध करवाना, ड्रॉपआउट दर को कम करने के लिए सहायता करना एवं समुदायों में शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना है।
सचिव समीक्षा गौतम ने ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे के तहत ‘स्ट्रेंजर डेंजर- नो, गो, टेल’ (अजनबी से सावधान, मना करो, दूर जाओ, बताओ) विषय पर भी प्रकाश डाला। उन्होनें उपस्थित विद्यार्थियों से विद्यालयों में अध्यनरत अपने परिचित बच्चों को अजनबियों से सावधान रहने, अनुचित या असहज स्थिति में स्पष्ट रूप से ‘नहीं’ कहने, वहां से दूर चले जाने और किसी विश्वसनीय व्यक्ति को तत्काल इसकी जानकारी देने के संबंध में प्रेरित किया गया।
आयोजित शिविर में असिस्टेंट एलएडीसी अक्षय राजावत ने भी विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने हिट एंड रन मोटर दुर्घटना के पीड़ितों को मुआवजा योजना 2022 के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत अज्ञात वाहन के द्वारा हिट एंड रन मोटर दुर्घटना में पीड़ितों अथवा उनके आश्रितों को नियमानुसार मुआवजा एवं सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने राजस्थान पीड़ित प्रतिकर योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी अपराध से पीड़ित व्यक्तियों एवं उनके आश्रितों को योजना के तहत नियमानुसार प्रतिकर राशि प्राप्त करने का अधिकार है तथा पात्र पीड़ित व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से आवश्यक विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, 2012 पोक्सो एक्ट के संबंध में भी विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अक्षय राजावत ने बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा, अनुचित व्यवहार की पहचान, शिकायत एवं रिपोर्टिंग की आवश्यकता तथा पीड़ित बच्चे की पहचान एवं गरिमा की सुरक्षा के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का लैंगिक दुर्व्यवहार होने पर मामले को छिपाने के बजाय तत्काल अभिभावक, शिक्षक, पुलिस अथवा सक्षम प्राधिकारी को इसकी सूचना दी जानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि कानून का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षा प्रदान करना तथा उन्हें भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।
सचिव समीक्षा गौतम ने विद्यार्थियों से कहा कि विधि महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थी भविष्य में न्याय व्यवस्था एवं समाज के महत्वपूर्ण अंग बनेंगे। इसलिए उन्हें न केवल स्वयं कानून की जानकारी रखनी चाहिए, बल्कि आमजन, महिलाओं, बच्चों, दुर्घटना पीड़ितों एवं समाज के कमजोर वर्गों को भी उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि कानून की जानकारी ही व्यक्ति को अपने अधिकारों की प्रभावी ढंग से रक्षा करने में सक्षम बनाती है। विधिक जागरूकता के माध्यम से समाज में न्याय, समानता एवं सुरक्षा की भावना को मजबूत किया जा सकता है।

सवाई माधोपुर।बच्चो, किशोरों और महिलाओ को मिली आयरन की शक्ति शक्ति दिवस का हुआ आयोजन, पोषण के बारे मे जानकारी दी।सवाई माध...
08/09/2026

सवाई माधोपुर।
बच्चो, किशोरों और महिलाओ को मिली आयरन की शक्ति शक्ति दिवस का हुआ आयोजन, पोषण के बारे मे जानकारी दी।
सवाई माधोपुर, 8 सितम्बर। जिले में मंगलवार को शक्ति दिवस आयोजित किया गया। जिसमे बच्चों, किशोरी बालिकाओं और महिलाओं की अनिमिया की स्क्रीनिंग, हीमोग्लोबिन की जांच के साथ अनिमिया का उपचार किया गया और आयरन की टेबलेट्स का वितरण किया गया। साथ ही उन्हें मौसमी बीमारियों से बचाव, पोषणयुक्त आहार लेने व विभागीय योजनाओं कि जानकारी दे कर किया जागरूक किया गया।
सीएमएचओ डॉ. अनिल जेमिनी ने बताया कि शक्ति दिवस में बच्चों, महिलाओं व किशोरियों में अनिमिया की दर कम करने के लिए उनकी अनिमिया की स्क्रीनिंग व उपचार किया जाता है। इसमे बच्चों, किशोरी बालिकाओं, विवाहित महिलाओं, गर्भवती महिलाओं तथा धात्री माताओं में अनिमिया मुक्ति के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। उन्होंने बताया कि राजस्थान को अनिमिया मुक्त करने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य विभागों के साथ मिलकर माह के प्रत्येक मंगलवार को शक्ति दिवस के रूप में आयोजित किया जाता है। चिकित्सा संस्थानों, आंगनवाड़ी व स्कूलों मे ये खुराक दी जाती है। इसके साथ ही खून की कमी से ग्रस्त गर्भवतियों कि पहचान कर उन्हे उपचार व आवश्यकतानुसार उच्च संस्थान पर इलाज के लिए रेफर किया गया।
शक्ति दिवस के दौरान महिलाओं को एनीमिया से बचाव, परिवार नियोजन की जानकारी टीकाकरण के लिए प्रेरित करना एवं मातृ स्वास्थ्य के बारे में जागरुक किया गया।

08/09/2026

सवाई माधोपुर।
दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विभिन्न छात्रवृत्ति भत्तों हेतु आवेदन आमंत्रित।
सवाई माधोपुर, 8 सितम्बर। समग्र शिक्षा योजना के तहत सवाई माधोपुर के राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग छात्र-छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न भत्तों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र विद्यार्थियों को परिवहन, रीडर, एस्कॉर्ट भत्ता तथा स्टाइपेंड भत्ता प्रदान किया जाएगा।
योजना के लिए अधिकृत चिकित्सा बोर्ड द्वारा जारी 40 प्रतिशत या अधिक दिव्यांगता प्रमाण-पत्र होना आवश्यक है। आवेदन पत्र संबंधित विद्यालय के संस्था प्रधान से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। पूर्ण आवेदन के साथ दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जनआधार एवं विद्यार्थी का फोटो जमा करवाना होगा।
अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक हरकेश मीणा ने सभी संस्था प्रधानों को निर्देश दिए कि वे पात्र विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से संपर्क कर समय पर आवेदन करवाएं तथा आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन जमा करवाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

08/09/2026

सवाई माधोपुर।
केपीआई रिपोर्ट कार्ड में सवाई माधोपुर प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा।
सवाई माधोपुर, 8 सितम्बर। पशुपालन विभाग की मासिक केपीआई रिपोर्ट कार्ड में सवाई माधोपुर ने राजस्थान में तीसरा स्थान हासिल किया है। संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव गर्ग ने बताया कि पशुपालकों को प्रजनन, नस्ल सुधार, टीकाकरण, उपचार एवं पशुधन विकास की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग द्वारा जिलों एवं संभागों की मासिक परफॉर्मेंस इंडिकेटर के आधार पर रैंकिंग की जाती है। अगस्त 2026 की रैंकिंग में दौसा प्रथम, कुचामन सिटी द्वितीय तथा सवाई माधोपुर तृतीय स्थान पर रहा। इस माह केपीआई में लैण्ड अलॉटमेंट का नया पैरामीटर भी शामिल किया गया है।

08/09/2026

सवाई माधोपुर।
कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना की चयनित छात्राएं 11 सितंबर तक जमा करवाए स्वप्रमाणित दस्तावेज।
सवाई माधोपुर, 8 सितम्बर। कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी वितरण योजना (दसवीं उत्तीर्ण वर्ष 2025-26) की अंतिम चयनित सूची में शामिल पात्र छात्राएं योजना का लाभ लेने के लिए समस्त आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां 11 सितंबर 2026 तक जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्यालय माध्यमिक, सवाई माधोपुर कार्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित करें।
जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अंतिम चयनित सूची में शामिल पात्र छात्राएं निर्धारित अवधि में अपने दस्तावेज अनिवार्य रूप से जमा करवाएं, ताकि योजना के तहत आगे की आवश्यक कार्यवाही समय पर पूरी की जा सके। उन्होंने बताया कि चयनित छात्राओं को फॉर्म संख्या 29 एवं 30, दो पासपोर्ट साइज फोटो, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, जन आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आय प्रमाण पत्र, अत्यंत पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, कक्षा 10वीं एवं 11वीं की अंकतालिका, शपथ पत्र तथा स्कूटी योजना का आवेदन फॉर्म आवश्यक रूप से प्रस्तुत करना होगा।
उन्होंने बताया कि अंतिम तिथि के बाद दस्तावेज जमा नहीं करवाने की स्थिति में पात्रता अथवा योजना के लाभ से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी के लिए संबंधित छात्रा स्वयं जिम्मेदार होगी।

Address

Gangapur City
322201

Telephone

+919413756579

Website

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Meen Times posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Shortcuts

Share