10/01/2023
भारतीय मूल की मनप्रीत मोनिका सिंह ने हैरिस काउंटी जज के रूप में शपथ ली है और इसके साथ ही वह अमेरिका में पहली सिख महिला जज बन गई हैं। मनप्रीत मोनिका सिंह ने टेक्सास में लॉ नंबर 4 में हैरिस काउंटी सिविल कोर्ट के जज के रूप में शपथ ली है। मोनिका सिंह का जन्म और पालन-पोषण ह्यूस्टन में हुआ था और अब वह अपने पति और दो बच्चों के साथ बेलेयर में रहती हैं। मनप्रीत मोनिका सिंह के पिता 1970 के दशक की शुरुआत में अमेरिका चले गए थे। उन्होंने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई क्लेन फॉरेस्ट हाई स्कूल से की। फिर ऑस्टिन के टेक्सास विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की। साउथ टेक्सास कॉलेज ऑफ लॉ में उन्होंने कानून की पढ़ाई की। वह 2010 में ह्यूस्टन यंग लॉयर्स एसोसिएशन मोस्ट आउटस्टैंडिंग अटॉर्नी और 2017 में साउथ एशियन बार एसोसिएशन के विशिष्ट सदस्य पुरस्कार के तहत उपविजेता भी रही हैं। मनप्रीत ने हैरिस काउंटी में जज के लिए अपनी दावेदारी नवंबर 2021 में की थी। मोनिका सिंह पिछले 20 साल से एक पेशेवर वकील होने के साथ ही वह स्थानीय राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई नागरिक अधिकार संगठनों में शामिल रही हैं। अमेरिका में करीब 500,000 सिख हैं, जिनमें से 20 हजार सिख ह्यूस्टन क्षेत्र में रहते हैं। ह्यूस्टन के मेयर सिल्वेस्टर टर्नर ने कहा कि यह सिख समुदाय के लिए गर्व का दिन है।
#